व्यापार मेला: लद्दाख के उत्पाद दिल्ली में बना रहे पहचान, खुबानी-राजमा और कैमोमाइल चाय बने खास आकर्षण

व्यापार मेला: लद्दाख के उत्पाद दिल्ली में बना रहे पहचान, खुबानी-राजमा और कैमोमाइल चाय बने खास आकर्षण

पहाड़ों की ठंडी आबोहवा, ग्लेशियर के आसपास की खेती और पारंपरिक हुनर से तैयार लद्दाख के उत्पाद अब दिल्ली के बाजार में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में लद्दाख के मंडप में इस बार कैमोमाइल चाय, खुबानी और राजमा खरीदारों का ध्यान खींच रहे हैं। स्थानीय कारोबारी इन उत्पादों की प्राकृतिक विशेषताओं के साथ इन्हें तैयार करने के पारंपरिक तरीकों से भी लोगों को परिचित करा रहे हैं।


कैमोमाइल चाय खास आकर्षण बनी हुई है। कारोबारी हुडोल के मुताबिक, लद्दाख की विषम जलवायु में तैयार होने वाली इस चाय को तनाव और नींद की परेशानी से राहत के लिए उपयोगी है। लद्दाख की विषम जलवायु में उगने वाली कैमोमाइल चाय की अपनी खास पहचान है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और खेती का तरीका इसे अलग बनाता है। मैं चाहता हूं कि दिल्ली समेत देशभर के लोग इस चाय की खूबियों को जानें। तनाव और नींद की परेशानी से जूझने वाले लोग भी इसमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं। – हुडोल, कारोबारी, लद्दाख

लद्दाख की खुबानी अपनी मिठास और गुणवत्ता के लिए जानी जाती है। हम इसे दुनिया की सबसे मीठी खुबानी बताते हैं। इसकी मांग बढ़ाने के लिए हम इसे दिल्ली के बाजार तक लेकर आए हैं। इसके बीज से हाथों द्वारा निकाला गया तेल भी उपलब्ध है। – सादिक अली, कारोबारी, कारगिल

दो सीटी में राजमा के पकने का दावा

लद्दाख के मंडप में राजमा की आठ किस्में भी प्रदर्शित की गई हैं। कारोबारियों का दावा है कि ये सामान्य राजमा की तुलना में जल्दी पकते हैं और महज दो सीटी में तैयार हो जाते हैं। पकने के बाद भी इनके दाने साबुत रहते हैं। नजीर अहमद का कहना है कि इन किस्मों के जरिए लद्दाख के पारंपरिक कृषि उत्पादों को देशभर के          उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

खुबानी के बीज से तेल निकालने में काफी मेहनत लगती है। हम इसे पारंपरिक तरीके से हाथों से तैयार करते हैं। इसकी 30 मिलीलीटर की बोतल 900 रुपये में उपलब्ध है। इसकी गुणवत्ता और बनाने का तरीका इसे दूसरे उत्पादों से अलग बनाता है।  -सैय्यद हासिम, कारोबारी, कारगिल

Prev Post
Next Post