'अपने फैन को बचा लीजिए', टाइगर श्रॉफ के Vlogger फैन के परिजनों की गुहार, फायरिंग के वक्त लगी थी गोली
Raisina News Desk- अक्टूबर 20, 2026 12:54 PM IST
मुंबई:
उमेश कुमार चौहान (35) करीब 18 सालों से मुंबई में रह रहे हैं और अपने परिवार का पेट पालने के लिए घर-घर जाकर डिटर्जेंट बेचते हैं. पिछले डेढ़ साल से उमेश एक सपना भी पूरा करने की कोशिश कर रहे थे, वे बॉलीवुड हस्तियों, उनके घरों और उनके घरों के बाहर इकट्ठा होने वाले प्रशंसकों की वीडियो बनाते थे, जिससे सोशल मीडिया पर एक ऑडियंस बना सकें. इसी सिलसिले में रविवार को वे जुहू के पुष्पा पार्क पहुंचे थे, जहां अभिनेता टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेल रहे थे. जब उमेश चौहान वहां से निकलते हुए अभिनेता की वीडियो बना रहे थे, तभी टाइगर श्रॉफ पर गोलियां चलने लगीं और एक गोली उन्हें भी लग गई. इस लम्हे का एक वीडियो भी NDTV को मिला है, जो उमेश कुमार के फोन से शूट किया गया है.
उमेश इस वीडियो में वहां की स्थिति को बयान करते हुए सुने जा सकते हैं. थोड़ी ही देर में मौके पर मौजूद गार्ड्स पार्क का गेट खोलते हैं, जिससे टाइगर की कार वहां से निकल सके.
टाइगर की श्रॉफ की कार गेट के पास से निकल ही रही होती है कि इतने में हमलावर उन पर फायरिंग शुरू कर देता है. इसी में व्लॉगर उमेश चौहान के सीने में आगर एक गोली आकर लग जाती है. गोली लगने के बाद वे गिर जाते हैं. जानकारी के मुताबिक, उमेश चौहान टाइगर श्रॉफ के बड़े फैन हैं और हर रविवार उनसे मिलने जाते थे और वीडियो शूट करते थे.
‘टाइगर… अपने फैन को बचा लीजिए’
मौजूदा वक्त में उमेश चौहान हॉस्पिटल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. उमेश के सीने में अभी भी गोली फंसी हुई है. उनके रिश्तेदार राहुल ने टाइगर श्रॉफ से अपील की है कि उमेश चौहान को किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करवाएं. उमेश के रिश्तेदार का आरोप है कि BMC के KEM अस्पताल में ठीक से इलाज नहीं हो रहा है.
बता दें कि उमेश चौहान की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. उनकी पत्नी गर्भवती हैं. रिश्तेदारों ने पत्नी को अब तक इस घटना के बारे में कुछ नहीं बताया है.