अंतरिक्ष से दिखा हरे रंग का 'जादू'! 'भारत के बेटे' ने स्पेस से शेयर किया 'ऑरोरा' का शानदार VIDEO
Raisina News Desk- अगस्त 05, 2026 07:08 AM IST

अंतरिक्ष में अनगिनत रहस्य छिपे हुए हैं. दुनियाभर के वैज्ञानिक इन रहस्यों से पर्दा उठाने की कोशिश कर रहे हैं. अंतरिक्ष में वैज्ञानिकों ने कई रॉकेट और सैटेलाइट भेजे हैं. एक स्पेस स्टेशन भी बनाया है, जहां वैज्ञानिक रहते हैं और अंतरिक्ष पर रिसर्च करते हैं. भारतीय मूल के NASA के वैज्ञानिक अनिल मेनन भी इस समय इसी इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर हैं. मेनन ने वहां से एक ऐसे अनोखे नजारे का वीडियो भेजा है, जिसकी दुनियाभर में चर्चा हो रही है. दरअसल उन्होंने एक खास वैज्ञानिक घटना ‘ऑरोरा’ (Aurora) का वीडियो शेयर किया है. आखिर ये क्या होता है? आइए बताते हैं.
वायरल वीडियो में पृथ्वी के ऊपर हरे रंग की लहरें जैसी दिखाई दे रही हैं. इसे वैज्ञानिक भाषा में ऑरोरा कहा जाता है. अनिल मेनन ने इस जादुई पल को कैमरे में कैद किया और अपने अनुभव को शब्दों में बयां करते हुए लिखा, ‘मैं यह नजारा कभी नहीं भूलूंगा. आज रात मैंने अंतरिक्ष से अपना पहला ‘ऑरोरा’ देखा. अच्छी बात यह है कि इसे याद रखने के लिए मेरे पास एक वीडियो है, जिसमें यह बहुत अच्छे से कैद हुआ है.’
NASA के एस्ट्रोनॉट ने इस अनोखी वैज्ञानिक घटना की वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि आज रात सोलर एक्टिविटी तेज होने की वजह से KP इंडेक्स 5 से ज्यादा था. इस कारण ऑस्ट्रेलिया के ऊपर का पूरा आसमान हरी रोशनियों से जगमगा उठा. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हरे रंग की चमकीली रोशनी हवा में किसी सांप की तरह लहराती हुई बेहद खूबसूरत लग रही है.
I’ll never forget this sight. Tonight I saw my first aurora from space. Luckily, there is a video to help remember and captured it perfectly. The KP index was over 5 tonight because of a solar event and the sky over Australia lit up and the green snaked across the atmosphere.… pic.twitter.com/3i12dhq19I
— Anil Menon (@astro_anil) August 2, 2026
आसान शब्दों में कहें तो ‘ऑरोरा’ आसमान में दिखने वाली रंग-बिरंगी रोशनी की एक प्राकृतिक आतिशबाजी जैसा है. यह एक खास वैज्ञानिक घटना है. सूर्य से लगातार चार्ज्ड पार्टिकल और सौर हवाएं अंतरिक्ष में बहती रहती हैं. जब ये पार्टिकल पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र और वायुमंडल के संपर्क में आते हैं, तो वायुमंडल में मौजूद ऑक्सीजन और नाइट्रोजन जैसी गैसों से टकराकर चमक पैदा करते हैं.
जब सौर कण पृथ्वी के वायुमंडल में मौजूद ऑक्सीजन से टकराते हैं, तो हरे और लाल रंग की रोशनी पैदा होती है. चूंकि नाइट्रोजन से टकराव पर नीली या बैंगनी रोशनी बनती है, इसलिए यहां मुख्य रूप से हरा रंग दिखाई दे रहा है. कई बार ऑरोरा बैगनी रंग का भी दिखता है.
KP इंडेक्स भू-चुंबकीय तूफान नापने का एक पैमाना है. यह 0 से 9 के पैमाने पर मापा जाता है. जब यह 5 या उससे ऊपर पहुंचता है, तो इसका मतलब है कि सोलर एक्टिविटी बहुत मजबूत है, जिससे ऑरोरा का नजारा बहुत साफ और चमकीला दिखाई देता है.
अनिल मेनन भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं, जिन्हें नासा ने अपने खास अंतरिक्ष मिशनों के लिए चुना है. वे एस्ट्रोनॉट होने के साथ-साथ इमरजेंसी मेडिसिन डॉक्टर भी हैं. उन्होंने स्पेसएक्स के पहले इंसानी मिशनों के दौरान मेडिकल डायरेक्टर के रूप में भी काम किया है. अनिल मेनन मूल रूप से केरल के हैं.