'मेडल पहनाते समय छूने पर खड़ा किया गया तूफान, मामला सिर्फ 'गुड टच-बैड टच' का था' : बृजभूषण सिंह का बड़ा बयान

गोंडा (उप्र):

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि पहलवानों से जुड़ा मामला केवल ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ तक सीमित था और इससे अधिक कुछ नहीं था. गोंडा जिले के नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित ‘सत्यमेव जयते’ सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा, ”मैंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया. मेडल पहनाते समय छुआ जाने (टच हो जाना) पर तूफान खड़ा कर दिया गया. मेरे खिलाफ लगाया गया आरोप राजनीति से प्रेरित है.”

उन्होंने कहा, ”यदि मैं इस प्रकरण में झुक जाता तो मामला खत्म हो जाता, लेकिन मेरे किरदार का कत्ल हो जाता.” पूर्व सांसद ने दावा किया कि दुनिया में यौन उत्पीड़न के किसी मामले को लेकर इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ होगा. उन्होंने कहा, ”अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भी ऐसा आंदोलन नहीं हुआ और दुनिया के किसी भी बलात्कार के आरोपी के खिलाफ भी इस तरह का आंदोलन नहीं हुआ.”

‘बिना वजह उनका नाम विवादों में घसीटा जाता है…’

सिंह ने कहा कि विवादों से उनका पुराना नाता रहा है और कई बार बिना वजह उनका नाम विवादों में घसीटा जाता है. उन्होंने कहा, ”संतों की कृपा मेरे ऊपर रहती है, इसलिए मैं हर संकट से बच जाता हूं.” महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न मामले में गत तीन अगस्त को दिल्ली की अदालत से बरी होने के बाद भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और बृजभूषण शरण सिंह के बृहस्पतिवार को पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचने पर समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया.

विशेष विमान से अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचने पर उनके समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया. हवाई अड्डे से लेकर शहर के विभिन्न रास्तों पर स्वागत द्वार बनाये गये और समर्थकों ने जेसीबी मशीनों की मदद से उन पर फूल बरसाए. इस दौरान ‘शेर आया’ के नारे लगाए गए और जमकर आतिशबाजी भी की गई. उनके काफिले में सैकड़ों गाड़ियां शामिल थीं.

गदा लहराकर जीत का जश्न मनाया

अयोध्या में बृजभूषण सिंह एक खुली जीप में सवार होकर अयोध्या के सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी पहुंचे और मंदिर में भोग और आरती का समय होने के कारण उन्होंने बाहर से ही दर्शन-पूजन करके संतों का आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनके बड़े बेटे और गोंडा सदर सीट से विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने गाड़ी के ऊपर से गदा लहराकर जीत का जश्न मनाया और कहा कि सत्य की जीत हुई है. हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद बृजभूषण सिंह का काफिला गोंडा के नंदिनी नगर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए रवाना हो गया, जहां वह ‘सत्यमेव जयते’ रैली में शामिल हुए.

भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कुछ महिला पहलवानों ने यौन उत्पीड़न और बलात्कार का आरोप लगाया था. दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने गत तीन अगस्त को सुबूतों की कमी के चलते सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी कर दिया था.

ये भी पढ़ें : परिसीमन बिल पर मिलेगा विपक्ष का साथ? आज फिर राहुल गांधी से मिले रिजिजू- सूत्र

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

Prev Post
Next Post