दिल्ली में एक नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की महारैली को लेकर व्यापारिक संगठनों की चिंता बढ़ती जा रही है। राहुल गांधी को पत्र लिखने के बाद अब चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को भी पत्र लिखकर रैली की तारीख आगे बढ़ाने की मांग की है।
सीटीआई का कहना है कि दिवाली और धनतेरस के दौरान दिल्ली के बाजारों में खरीदारी का दबाव रहता है। ऐसे में 1 नवंबर को बड़ी रैली होने से मध्य दिल्ली के प्रमुख बाजारों में यातायात बाधित हो सकता है। इसका सीधा असर कारोबारियों के साथ ग्राहकों की आवाजाही पर भी पड़ सकता है।
संगठन के मुताबिक, रामलीला मैदान के आसपास चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, भागीरथ पैलेस और कनॉट प्लेस समेत करीब 20 प्रमुख बाजार हैं। रैली में बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के पहुंचने से इन बाजारों में जाम की स्थिति बन सकती है।
सीटीआई ने सोनिया गांधी से रैली 11 नवंबर के बाद कराने की अपील की है। साथ ही विकल्प के तौर पर बुराड़ी मैदान में आयोजन का सुझाव भी दिया है। संगठन का कहना है कि उसे रैली से आपत्ति नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान व्यापार और आम लोगों की आवाजाही प्रभावित होने की चिंता है।