डीयू; छात्रों के लिए खुलेंगे नए अवसर, डूसू ने संस्कृति, शोध, खेल और मानसिक स्वास्थ्य समेत बनाए 26 प्रकोष्ठ
Raisina News Desk- अक्टूबर 09, 2026 12:58 PM IST
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) ने विद्यार्थियों की रुचि और प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए 26 नए प्रकोष्ठ शुरू किए हैं। इनका उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी क्षमता दिखाने और नई गतिविधियों से जुड़ने का अवसर देना है। विश्वविद्यालय में देश के अलग-अलग हिस्सों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। उनकी रुचियां और कौशल भी अलग-अलग होते हैं। ऐसे में नए प्रकोष्ठ छात्रों को अपनी पसंद के क्षेत्र में भागीदारी करने और कैंपस की गतिविधियों से जुड़ने का मंच देंगे।
डूसू की ओर से शुरू किए गए प्रकोष्ठों में सांस्कृतिक, पूर्व छात्र संबंध, सामुदायिक संपर्क, वाद-विवाद एवं जनसंपर्क, विविधता एवं समावेश, पर्यावरण, दिव्यांग विद्यार्थी, तकनीकी, फैशन, फिल्म एवं फोटोग्राफी, वैचारिक, ललित कला, छात्रावास और विधिक सहायता प्रकोष्ठ शामिल हैं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर देना है। इन मंचों के माध्यम से छात्र अपनी रचनात्मकता, संवाद कौशल और अन्य प्रतिभाओं को सामने ला सकेंगे।
नए प्रकोष्ठों में नवाचार एवं इनक्यूबेशन, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी, साहित्यिक, मीडिया एवं प्रकाशन, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण, खेल, शोध एवं विकास, स्टार्टअप एवं उद्यमिता, रंगमंच एवं नाट्य, उत्तर-पूर्व, महिला सशक्तिकरण और वाणिज्य प्रकोष्ठ भी शामिल हैं। इन प्रकोष्ठों के जरिए विद्यार्थी साहित्य, खेल, तकनीक, शोध, पर्यावरण, उद्यमिता और कला सहित कई क्षेत्रों में अपनी भागीदारी बढ़ा सकेंगे। इससे छात्रों को अपनी रुचि पहचानने और उससे जुड़ी गतिविधियों में अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा।
डूसू अध्यक्ष यश डबास ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में देशभर से विद्यार्थी आते हैं और सभी की रुचियां व प्रतिभाएं अलग-अलग हैं। नए प्रकोष्ठों के माध्यम से अधिक से अधिक छात्रों को अपनी क्षमता दिखाने और विश्वविद्यालय की गतिविधियों में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि छात्रसंघ की गतिविधियां कुछ चुनिंदा विद्यार्थियों तक सीमित न रहें, बल्कि विश्वविद्यालय के अधिक से अधिक छात्र इसमें भाग ले सकें। इन प्रकोष्ठों के जरिए विद्यार्थियों को कैंपस में अपनी रुचियों के अनुरूप सक्रिय होने का मंच उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।