NDA से दूरी, शुभेंदु से नजदीकी, TMC के तीन बागी मुस्लिम सांसदों की दिलचस्प कहानी
Raisina News Desk- अगस्त 04, 2026 07:47 PM IST

टीएमसी से बगावत कर एक गुमनाम पार्टी एनसीपीआई में शामिल हुए 20 सांसदों की कहानी में एक दिलचस्प मोड़ आ गया है. लगातार दूसरे मंगलवार यह सभी सांसद एनडीए सांसदों की बैठक यानी मंगल मिलन में शामिल हुए. लेकिन दूसरी बार भी इनकी संख्या 17 रही. दरअसल तीन मुस्लिम सांसद अबु ताहिर खान, खलिलुर रहमान और युसुफ पठान लगातार दूसरी बार एनडीए बैठक में नहीं आए.
इस बीच टीएमसी के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने यह कर धमाका कर दिया बागी सांसदों में से कुछ उनके संपर्क में हैं और वे वापसी की राह तलाश रहे हैं. अभी तक स्पीकर ने एनसीपीआई में इन बीस सांसदों के विलय को मंजूरी नहीं दी है. स्पीकर के फैसले के मुताबिक वे लोकसभा में टीएमसी सांसदों से अलग बैठ रहे हैं. लेकिन लोक सभा वेबसाइट पर उनका नाम बतौर टीएमसी सांसद ही दर्ज है. यही नहीं, जब उनमें से कुछ लोकसभा में बोलने के लिए खड़े हुए तो टीवी पर उनकी पार्टी टीएमसी ही लिखी गई.
संभवत: इसमें कुछ तकनीकी विषय हैं जिसके चलते उनके विलय को मान्यता नहीं दी गई है. टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पहले ही सभी बीस सांसदों को अयोग्य करार करने के लिए स्पीकर को याचिकाएं दे चुके हैं.
इस बीच पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी आज दिल्ली पहुंचे. उन्होंने बंग भवन में सभी 20 सांसदों को लंच पर आमंत्रित किया. दिलचस्प बात यह है कि इस लंच में सभी 20 सांसद मौजूद थे. एनडीए बैठक में हिस्सा न लेने वाले तीनों मुस्लिम सांसदों ने भी शुभेंदु के साथ लंच में हिस्सा लिया. इस लंच में सभी सांसदों को लजीज खाना परोसा गया. इसमें इलि़श माछ, प्रॉन जैसे निरामिष व्यंजनों के साथ छोला दाल आदि शामिल थे.
इस लंच में टीएमसी की बगावत में अहम भूमिका निभाने वाले केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद थे. एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने कहा कि यह तीनों सांसद एनडीए के साथ हैं. एनडीए बैठक से उनकी दूरी एक रणनीतिक फैसला है. शुभेंदु अधिकारी ने बाद में संसद भवन में स्पीकर ओम बिरला से भी मुलाकात की. माना जा रहा है कि इन सभी बीस सांसदों की स्थिति के बारे में जल्दी ही तस्वीर साफ होगी.