स्कूल से लौट रहे 3 मासूम खुले नाले में गिरे, CCTV में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

नई दिल्ली:

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक लापरवाही एक बार फिर मासूमों की जान पर भारी पड़ते-पड़ते बची. वजीराबाद थाना इलाके के जगतपुर गांव में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे अचानक सड़क किनारे खुले फ्लड ड्रेन में गिर गए. इस दिल दहला देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों और एक ऑटो चालक की सूझबूझ से तीनों बच्चों की जान बच गई. 

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि बच्चे सड़क पर चलते-चलते अचानक संतुलन खो देते हैं और एक-एक कर गहरे नाले में गिर जाते हैं. कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच जाती है.

हादसे के वक्त सड़क पर ट्रैफिक जाम लगा हुआ था. इसी वजह से आसपास मौजूद लोगों की नजर तुरंत बच्चों पर पड़ गई. चश्मदीदों के मुताबिक, एक ऑटो चालक ने बिना वक्त गंवाए नाले में उतरकर बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया. अन्य लोगों ने भी उसका साथ दिया और कुछ ही मिनटों में तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. वक्त रहते मदद मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया.

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, गुरुग्राम के पटौदी रोड, सेक्टर 10 में भरा पानी, सफदरजंग फ्लाईओवर पर रेंगते दिखे वाहन, Video

लापरवाही से खतरे का साया!

यह घटना प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती है. हर साल मॉनसून से पहले बड़े नालों को ढकने और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी में आज भी कई फ्लड ड्रेन खुले पड़े हैं. यही लापरवाही पहले भी कई लोगों की जान ले चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी सबक लेते नजर नहीं आते.

आज तीन मासूमों की जान एक ऑटो चालक और स्थानीय लोगों की बहादुरी से बच गई. लेकिन अगर उस वक्त ट्रैफिक जाम न होता या मदद के लिए कोई मौजूद न होता, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी. सवाल यही है कि आखिर कब तक खुले नाले लोगों की जान के दुश्मन बने रहेंगे?

(Input- Anil Kumar)


Prev Post
Next Post