जिन चरणों में झुकाता था सिर, उस मां की बात क्यों नहीं माना बेटा, वायरल Video में छत्रपति संभाजीनगर की अधूरी कहानी

छत्रपति संभाजीनगर:

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में iPhone के लिए पहाड़ी से कूदने वाले लड़के के मामले ने देश के हर मां-बाप को परेशान कर दिया है. क्योंकि iPhone को लेकर शुरू हुए इस विवाद में पूरा परिवार ही बिखर गया. बेटे को बचाने के चक्कर में पिता भी पहाड़ी से नीचे गिर गए और यह सब देख मां भी पहाड़ी से कूद गई, जिससे हंसता खेलता परिवार पूरी तरह से बिखर गया. पहाड़ी से कूदने वाले इस परिवार की पहचान 18 साल के कुणाल चांदगुडे, पिता मुरलीधर चांदगुडे 48 साल और मां संगीता चांदगुडे 42 साल के रूप में हुई है. इस बीच दोनों मां-बेटे के कुछ पुराने वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें कुणाल अपनी मां संगीता की पूजा करता नजर आ रहा है, उनकी आरती उतार रहा है. जिससे यह समझ में आ रहा है कि वह अपनी मां से कितना प्यार करता था. इसके बाद भी उसने मां की बात क्यों नहीं सुनी और पहाड़ी से कूद गया. इस पर सब हैरान हैं. 

संस्कारी बेटा दिख रहा कुणाल 

पहाड़ी से कूदकर अपनी जान देने वाले 18 साल का कुणाल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह एक आदर्श और संस्कारी बेटे की तरह अपनी मां के पैर धोता नजर आ रहा है, मां की आरती उतार रहा है. एक और वीडियों में वह मां के साथ बेठकर चाय पीता नजर आ रहा है. ऐसे में इन वीडियो को देखकर कोई सोच भी नहीं सकता था कि इन्हीं हाथों से यह लड़का एक दिन अपनी और अपने पूरे परिवार की जिंदगी को हमेशा के लिए खत्म कर देगा. शुक्रवार को जब वह पहाड़ी पर खड़ा था, तब मां संगीता लगातार उससे वापस आने की गुहार लगाती रही, लेकिन बेटे ने एक बात नहीं सुनी और आखिरकार वह पहाड़ी से नीचे कूद गया. 

ये भी पढ़ेंः बेटे ने पहाड़ से लगाई छलांग, रोकने गए पिता गिरे, सदमे में मां भी कूद गई, एक झटके में परिवार खत्म

हर कोई यही जानने में लगा है कि जो लड़का अपनी मां के चरणों में शीश नवाता था, आरती उतारता था, अपनी मां से इतना प्यार करता था, इन वीडियो में मां और बेटे के बीच गहरे जुड़ाव, स्नेह और प्यार की झलक मिलती है. लेकिन सवाल यह भी है कि उसके भीतर अचानक इतना गुस्सा और जिद कहां से आ गई कि उसने उसी मां की कोख और सुहाग दोनों को एक झटके में उजाड़ दिया.

शुक्रवार को हुई थी घटना

दरअसल, शुक्रवार को कुणाल महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तीसगांव इलाके के 300 फीट ऊंचे खवड्या पहाड़ से नीचे कूद गया था. पुलिस ने घटना के बाद बताया था कि कुणाल ने महंगा iPhone खरीद लिया था, जिसकी किस्त भरने वह परेशान हो रहा था, ऐसे में इस बात को लेकर उसकी अपने पिता मुरलीधर के साथ कहासुनी हुई थी. जिससे नाराज होकर शुक्रवार की दोपहर में वह शहर के बाहर खवद्या पहाड़ी की 300 फीट ऊंची चोटी पर जा बैठा. उसकी मां और पिता भी तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे वापस आने की गुहार लगाने लगे. 

लगभग तीन घंटे तक नीचे खड़ी मां की ममता और बेबस पिता की चीखें उसे वापस आने की भीख मांगती रहीं, पुलिस और प्रशासन की टीमें नीचे सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन इस बीच पिता अपने बेटे को बचाने के लिए थोड़ा आगे बढ़े तो दोनों ही खाई में गिर गए. यह सब देखकर मां ने भी खाई में छलांग लगा दी. जिससे तीनों की मौत हो गई. इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. अब जब मां-बेटे के कुछ पुराने वीडियो सामने आए हैं जो इमोशनल करने वाले हैं.

ये भी पढे़ंः iphone की किस्त दे देंगे, नीचे आ जाओ…’ महाराष्ट्र में कैसे उजड़ गया पूरा परिवार; इनसाइड स्टोरी


Prev Post
Next Post