दिल्ली में इमारत हादसे का CCTV आया सामने, देखिए कैसे ताश के पत्तों की तरह गिरी बिल्डिंग
Raisina News Desk- सितंबर 07, 2026 11:21 AM IST

दिल्ली में रविवार दोपहर सत्य निकेतन इलाके में गिरी इमारत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. यह इमारत एक पीजी हॉस्टल के तौर पर इस्तेमाल की जा रही थी. जिसमें आसपास पढ़ाई करने वाले छात्र रहते थे. घटना को 20 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है, यहां से अब तक 12 लोगों का रेस्क्यू किया गया है, जिसमें कई छात्रों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जिन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है. वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रों के परिजन भी यहां पहुंच रहे हैं, जबकि आसपास रहने वाले छात्रों ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए इलाके में बरती जा रही लापरवाहियों के बार में भी बताया है. घटना के बाद एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. जिसमें यह बिल्डिंग गिरती दिख रही है.
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में गिरी इस इमारत का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. जिसमें यह इमारत अचानक से गिरती दिखी है. इमारत गिरने के बाद मलबा भर गया और आसपास धूल का गुबार देखने को मिला. लोगों ने यहां वहां भागकर अपनी जान बचाई है.
🔴#BREAKING | दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे का नया CCTV आया सामने, हादसे में एक बुजुर्ग बाल-बाल बचा#Delhi #SatyaNiketan | @Aayushinegi6 @AaquilJameel pic.twitter.com/9x18sVKljJ
— NDTV India (@ndtvindia) September 7, 2026
इस इमारत में मध्य प्रदेश के देवास का एक छात्र जिसका नाम अर्पित था, वह इसी बिल्डिंग में रहता था, अर्पित के परिजन यहां पहुंचे हैं. छात्र की मां ने बताया कि उनका बेटा इसी बिल्डिंग में रहता था. रविवार में दोपहर 12 बजे तक उससे फोन पर बातचीत हुई थी. लेकिन उसके बाद से ही उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. देवास का यह छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रहा था, जो इसी बिल्डिंग रहता था. लेकिन बिल्डिंग गिरने के बाद से उसकी जानकारी नहीं है. जबकि मकान मालिक का फोन नहीं लग रहा है.
ग्राउंड पर रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रिपोर्टिंग टीम की बातचीत में स्थानीय चश्मदीदों ने भी जानकारी दी है. बिहार के रहने वाले एक छात्र ने बताया ‘यहां अलग-अलग जगहों से बच्चे पढ़ने आते हैं और इसी इमारत के पीजी में रहते थे, जब यह हादसा हुआ, तब कई छात्र अंदर मौजूद थे. एकदम से भूकंप जैसी तेज आवाज आई और पूरी बिल्डिंग नीचे आ गई. सटीक संख्या बताना मुश्किल है कि अंदर 5, 10 या 20 छात्र हैं. लेकिन हमें पक्का पता है कि छात्र अंदर फंसे हुए हैं. कुछ छात्र मलबे के अंदर से ही मोबाइल फोन कर रहे हैं और मदद मांग रहे हैं. एनडीआरएफ ने कुछ छात्रों को निकाल लिया है, लेकिन अभी भी कई बच्चे दबे हैं। हम बस भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं.’
ये भी पढे़ंः दिल्ली के सत्य निकेतन में पूरी रात चला रेस्क्यू, 6 की मौत, सर्च ऑपरेशन में स्निफर डॉग्स को भी लगाया गया