'यूपी में तीसरी बार सरकार बना दो, यहां भी यूसीसी लागू करेंगे', अमित शाह का बड़ा ऐलान
Raisina News Desk- अक्टूबर 31, 2026 01:16 AM IST
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर बड़ा ऐलान किया है. अमित शाह ने बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में लखनऊ में कहा कि कई प्रदेशों में UCC लागू हो चुका है, उत्तर प्रदेश में आप तीसरी बार BJP सरकार बना दो, इसे यहां भी हम लागू करेंगे.
अमित शाह के बयान के बाद यूसीसी को लेकर जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि बड़ी देर कर दी, मेहरबां आते-आते.
बता दें कि उत्तराखंड में यूसीसी लागू है. वहीं गोवा, असम, गुजरात, मध्य प्रदेश, राज्स्थान में आने वाले दिनों में लागू किया जाएगा. महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में यूसीसी ड्राफ्ट के लिए कमेटी गठित की गई है.
यूपी में बीजेपी को कोई हिला नहीं सकता- अमित शाह
अमित शाह ने कहा, ”यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है. उसे कोई नहीं हिला सकता है. आप कमर कस लो, अर्जुन की तरह मछली की आंख पर नजर रखो. हमें सरकार बनानी है. 2014 में हमारे केवल 44 विधायक थे. बहुत निराशा थी. मैं तहसील तक गया. एक बार संगठन ठीक हो गया तो 2014 में यूपी में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीट जीतीं. 2017 में नोटबंदी हुई थी तो अखिलेश को रात भर नींद नहीं आई थी. हमने 40 प्रतिशत वोट लेकर 312 सीट जीती थीं.”
प्रचंड बहुमत से बनाएंगे सरकार- अमित शाह
उन्होंने कहा कि बीजेपी में प्रचंड बहुमत के साथ. यहां पर बीजेपी की सरकार बनने जा रही है, इसमें कार्यकर्ताओ को दुविधा में रहने की ज़रूरत नहीं है.
शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की. उन्होंने कहा कि मैं योगी जी को बधाई देना चाहता हूं, कठोर शासन देकर यूपी को माफियाओं से मुक्त किया है. अमित शाह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 30 साल तक आपकी सरकार नहीं बनेगी.