MP राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप पुरी की जीत तय, दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन खारिज

MP राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप पुरी की जीत तय, दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन खारिज

हरदीप सिंह पुरीImage Credit source: PTI (फाइल फोटो)

कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सहित दो निर्दलीय उम्मीदवारों के नामांकन पत्र मंगलवार को खारिज होने के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का मध्यप्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है. एक अधिकारी ने बताया कि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख पांच नवंबर को परिणाम घोषित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के अंतिम दिन निर्दलीय उम्मीदवार कांते सयन्ना और कांग्रेस समर्थित राजकुमार लोहानी के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए.

इस बीच दोनों निर्दलीय उम्मीदवारों और कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पत्रों पर आपत्ति जताते हुए दावा किया कि उनके द्वारा दाखिल किया गया फॉर्म-26 में दिया गया हलफनामा अमान्य और अधूरा है. निर्वाचन अधिकारी उमेश शर्मा ने आपत्तियों की जांच की और कहा कि हरदीप पुरी ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के किसी भी प्रावधान का उल्लंघन नहीं किया है. उमेश शर्मा ने अपने आदेश में कहा कि पुरी के नामांकन पत्रों में कोई खामी नहीं पाई गई.

निर्दलीय उम्मीदवार बोले- अदालत जाएंगे

हालांकि हेमंत कटारे और कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने कहा कि वो इस आदेश के खिलाफ अदालत का रुख करेंगे. उन्होंने एक बयान में कहा, ‘यह भारतीय लोकतंत्र पर हमला है. इतनी महत्वपूर्ण खामियों के बावजूद नामांकन पत्र खारिज नहीं किया गया’.

एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को हरदीप पुरी को उम्मीदवार घोषित किया था. यह सीट केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है. मुरुगन का कार्यकाल अप्रैल 2030 में खत्म होना था, लेकिन उन्होंने बहुत पहले ही इस्तीफा दे दिया.

हरदीप पुरी से ज्यादा अमीर हैं उनकी पत्नी

हरदीप सिंह पुरी की ओर से नामांकन पत्र के साथ जमा किए हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी आय, चल संपत्ति और बैंक बैलेंस के मामले में उनसे कहीं ज्यादा अमीर हैं. हरदीप सिंह पुरी के पास कुल 6.54 करोड़ रुपये की चल और 20 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जिसमें दिल्ली के वेस्ट एंड में स्थित आवासीय भवन शामिल है. पिछले पांच साल में उनकी सालाना आय 63.36 लाख से बढ़कर 75.57 लाख रुपये हो गई है. पुरी ने पेंशन, केंद्रीय मंत्री के रूप में मिलने वाला वेतन, दिल्ली स्थित संपत्ति से मिलने वाला किराया और बैंक में जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज को आय का स्रोत बताया है.

वहीं, हलफनामे के मुताबिक, उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास 10.66 करोड़ रुपये की चल और नौ करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. उनकी अचल संपत्ति में ग्रेटर नोएडा में 19.52 लाख रुपये मूल्य का एक घर और 30 लाख स्विस फ्रैंक मूल्य का स्विट्जरलैंड के जेनेवा में एक अपार्टमेंट शामिल है. हरदीप पुरी की ओर से जारी ब्योरे के मुताबिक, उनकी पत्नी के पास 30 लाख स्विस फ्रैंक और 2,90,658 अमेरिकी डॉलर भी हैं.

Prev Post
Next Post