गांधीनगर में एक घंटे में 3.61 लाख से ज्यादा पौधे लगाकर बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड | Guinness World Record set in Gandhinagar by planting over 3.61 lakh saplings in one hour


नई दिल्ली:

गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में एक घंटे के भीतर 3.61 लाख से ज्यादा पौधे लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है. यह पौधारोपण मियावाकी पद्धति से किया गया. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और गांधीनगर से सांसद अमित शाह ने इस उपलब्धि पर अहमदाबाद नगर निगम, 25 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों और क्षेत्र के लोगों को बधाई दी है. अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण अब जन आंदोलन बन चुका है.

Latest and Breaking News on NDTV

उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान ने देशभर में करोड़ों लोगों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का काम किया है. उनके मुताबिक, गांधीनगर की इस उपलब्धि ने इस अभियान को नई ऊर्जा दी है. उन्होंने कहा कि मियावाकी पद्धति से केवल एक घंटे में 3.61 लाख से ज्यादा पौधे लगाना जनभागीदारी, बेहतर योजना और पर्यावरण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का उदाहरण है. उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, नगर निगम, 25 हजार से अधिक वॉलंटियर्स और स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना की.

गांधीनगर में सार्वजनिक वृक्षारोपण अभियान के तहत अब तक 1 करोड़ 26 लाख से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं. इनमें 404 सार्वजनिक स्थानों पर 1 करोड़ 15 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं. इसके अलावा लोगों ने अपने घरों और निजी परिसरों में 11 लाख से ज्यादा पौधे लगाए हैं. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा पौधे सानंद विधानसभा क्षेत्र में लगाए गए. यहां 186 स्थानों पर 53 लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए. गांधीनगर उत्तर, कलोल, घाटलोडिया, वेजलपुर और साबरमती विधानसभा क्षेत्रों में भी बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया.

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रकृति के साथ प्रगति’ और सतत विकास का जो विजन देश के सामने रखा है, उसे गांधीनगर में कई परियोजनाओं के जरिए आगे बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन पार्कों का निर्माण, तालाबों का पुनर्जीवन और बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण जैसे प्रयास इसी दिशा का हिस्सा हैं. उनके मुताबिक, गांधीनगर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक उदाहरण बनकर उभरा है. केन्द्रीय गृहमंत्री ने यह भी कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए. पौधों की देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है. उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने, ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से चलने वाले ऐसे अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे.




Source link

Prev Post
Next Post