दिल्ली के जसोला में एक बेबस पिता का दर्द… बेटे का नहीं मिला सुराग तो बजबजाते नाले में ढूंढ रहा, गमगीन मंजर

नई दिल्ली:

सिस्टम और हालात के आगे एक पिता कैसे बेबसी का शिकार हो जाता है, यह इस झकझोर देने वाली तस्वीर में देखा जा सकता है, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जसोला से आई है. बेटे को तलाशने की इस कोशिश में एक पिता की बेबसी, दर्द और उम्मीद सब कुछ साफ दिखाई दे रहा है. एक बाप के लिए इससे ज्यादा दर्दनाक और बेबस कर देने वाला मंजर शायद ही कोई हो. कचरे से बजबजा रहे नाले और गंदे पानी में अपने जिगर के टुकड़े की तलाश.

दरअसल, दक्षिण दिल्ली के जसोला में एक 15 साल का बच्चा खुले नाले में गिर गया और लापता हो गया. खबर लिखी जीने तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है. बेटे मिथुन को खोजने के लिए पिता काले पानी वाले उस खुले नाले में उतर गए, जिसमें उनका बच्चा स्कूल की यूनिफॉर्म पहने हुए गिर गया और अभी तक सुराग नहीं लग सका. मिथुन आठवीं क्लास का छात्र था. जानकारी के मुताबिक, वह पतंग के पीछे भागते हुए नाले के करीब गया था और अचानक गिर गया.

जब लड़के का पिता चेहरे पर मायूसी समेटे नाले में उतरा तो ऐसा मंजर बना, जिसको शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. रेस्क्यू टीमें और अधिकारी अपनी जगह मौजूद हैं, लेकिन अपने बेटे की तलाश में एक पिता अब खुद  नाले में उतरकर उसे ढूंढ रहा है.

हादसे के पहले मिथुन स्कूल यूनिफॉर्म में था और स्कूल जाने वाला था. अचानक वह नाले में गिर गया. मामला सामने आने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई. बोट क्लब की टीम और एनडीआरएफ की टीमें आईं लेकिन हर कोशिश नाकाम रही. परिजनों का आरोप है कि एनडीआरएफ के कर्मचारी सर्च ऑपरेशन के दौरान नाले में नहीं उतरे, वे बाहर से ही बांस के जरिए पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.

परिवार को बेचैनी से इंतजार…

मिथुन के परिवार के लिए, हर गुजरते घंटे के साथ अनिश्चितता बढ़ती जा रही है. उनके पिता, अवधेश कुमार ने बताया कि यह किशोर शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे नाले में गिर गया था और तब से उसका कोई पता नहीं चला है.

न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए अवधेश कुमार कहते हैं, “मेरा बेटा शनिवार सुबह 11 बजे नाले में गिर गया था. हमें नहीं पता कि वह कैसे गिरा, लेकिन वह मिला नहीं है. यह नाला पूरी तरह से खुला हुआ है. NDRF की टीम और गोताखोर यहा पहुंचे.”

ये भी पढ़ें: दिल्ली: जसोला में खुले नाले में गिरा बच्चा लापता… सर्च ऑपरेशन जारी, परिजनों ने NDRF की टीम पर लगाए आरोप

सर्च ऑपरेशन जारी…

NDRF ने रविवार को फिर से खोज अभियान शुरू किया और लड़के का पता लगाने के लिए नाले और उसके आस-पास के इलाकों की तलाशी ली. हालांकि, अब तक मिथुन का कोई सुराग नहीं मिला है और उसका शव भी बरामद नहीं हुआ है.



Prev Post
Next Post