धर्मेंद्र प्रधान नहीं हटे तो 20 जुलाई से भी कई गुना बड़ा आंदोलन होगा, वार्ता से पहले बोली CJP
Raisina News Desk- जुलाई 25, 2026 03:18 PM IST

नई दिल्ली:
सीजेपी और सरकार के बीच आज फिर से वार्ता होनी है. नीट पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच कई बार सरकार और प्रदर्शनकारी बात कर चुके हैं, लेकिन अब तक बात नहीं बनी है. इस बीच सीजेपी ने फिर से दोहराया है कि हम धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक पीछे नहीं हटेंगे. कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास कहा कि हमारी एक ही मांग है कि धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें. उन्होंने कहा, ‘हमने कल भी बोला था सरकार को कि आपके पास तो सारा का सारा इंटेलिजेंस है. अपने इंटेलिजेंस वालों से आप पूछ लीजिए कि सेंटीमेंट क्या है पब्लिक का. आप जो छोटी-मोटी चीजें आंदोलन के जवाब में कर रहे हैं, उससे लोग खुश नहीं हैं.’
सौरभ दास ने कहा कि कई कदम उठाए गए है, लेकिन वे सफल नहीं कहे. उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक हो रहे हैं. यह वक्त जवाबदेही का है. उसके बगैर लोग घर नहीं जा रहे. हमने सरकार को बोला है कि अगर वो नहीं मानते हैं हमारी बात तो हम लोग एक बड़ा कॉल देंगे. आज नहीं तो कल. इसके अलावा अब जो आंदोलन होगा, वह 20 जुलाई को हुए प्रदर्शन से कहीं ज्यादा बड़ा होगा. सीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि छात्रों की सबसे बड़ी मांग यही है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो. इससे पहले हम पीछे नहीं हटेंगे. सरकार को हमने कल ही बोल दिया कि अगर ये नहीं होता है तो इससे भी बड़ा ऐलान होगा.
सीजेपी नेता ने कहा कि बाकी सब मांगों पर बात तभी होगा, जब शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा हो जाएगा. बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी ने 26 जुलाई को प्रदर्शन का ऐलान किया है. पार्टी का कहना है कि हर जिले, एक दिन, एक ही मांग के नारे के साथ हम उतरेंगे. सीजेपी ने अपील की है कि सभी लोग शाम को 6 बजे कैंडल मार्च निकालें और सरकार से मांग करें कि धर्मेंद्र प्रधान को हटाया जाए. बता दें कि आज शाम को 4 बजे ही एक और राउंड की वार्ता सरकार और सीजेपी के प्रतिनिधियों के बीच होनी है. कल भी मीटिंग हुई थी. तब भी सीजेपी ने धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की जिद पर कायम रहने की बात कही थी. बता दें कि राहुल गांधी भी ऐसी ही मांग कर रहे थे.