बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, लंबे समय से थे बीमार
Raisina News Desk- अगस्त 06, 2026 04:32 AM IST

यूपी में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हो गया है. वे बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक थे. उमाशंकर सिंह पिछले दो साल से कैंसर से पीड़ित थे. उनका दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था.
उमाशंकर सिंह को पूर्वांचल की राजनीति में बसपा का सबसे बड़ा और मजबूत चेहरा माना जाता था. उमाशंकर सिंह का जन्म 2 जनवरी 1971 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के खनवर गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ था. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरकारी स्कूल से और उच्च शिक्षा बलिया के एक कॉलेज से की. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र संघ से की थी.
इसके बाद वह साल 2000 में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतकर जिला पंचायत अध्यक्ष भी बने थे. उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुने गए. 2012 में वे पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने. इसके बाद 2017 और 2022 में भाजपा की प्रचंड लहर के बावजूद उन्होंने अपनी सीट पर जीत दर्ज की. 2022 में जब बसपा का पूरे उत्तर प्रदेश में सूपड़ा साफ हो गया, तब केवल उमाशंकर सिंह ही अपनी रसड़ा सीट बचाने में कामयाब रहे और विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक बने.
बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक श्री उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद !
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।
शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
भावभीनी श्रद्धांजलि ! pic.twitter.com/1I3MwNbOnzAugust 5, 2026
अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उमाशंकर सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, बलिया की रसड़ा विधानसभा से बसपा के विधायक उमाशंकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे. शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं.