500 CCTV खंगाले और दिखी एक कार… दिल्ली पुलिस ने किया सनसनीखेज मर्डर का खुलासा, 1000 रुपये किराये पर था विवाद
Raisina News Desk- अगस्त 23, 2026 04:47 PM IST

नई दिल्ली:
दिल्ली के नारायणा इलाके में ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा किया है. FIR दर्ज होने के करीब चार घंटे के अंदर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही Maruti Eeco, मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए हैं.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को नारायणा थाने में शव मिलने की PCR कॉल मिली थी. पुलिस टीम C-52, C-Block, नारायणा विहार पहुंची. यहां सेवा भारती NGO की दीवार के पास फुटपाथ पर करीब 30-35 साल के एक अज्ञात पुरुष का शव मिला.
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शख्स के शरीर पर कपड़े नहीं थे और खून लगा हुआ था. उसके सिर के दाहिनी तरफ गहरी चोट थी, जबकि शरीर पर कई चोटें थीं.
जिसके बाद मौके पर क्राइम टीम और FSL टीम ने जांच की. शव को DDU अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद नारायणा थाने में मामला दर्ज किया.
मृतक की पहचान नहीं होने और मामला पूरी तरह ब्लाइंड होने के चलते पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. जांच के दौरान वारदात के समय इलाके में एक संदिग्ध Maruti Eeco दिखाई दी. शुरुआत में गाड़ी का नंबर साफ नहीं था. पुलिस ने अलग-अलग CCTV फुटेज को जोड़कर गाड़ी के आने-जाने का रूट खंगाला.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, करीब 500 CCTV फुटेज का विश्लेषण किया गया. CCTV और फील्ड वेरिफिकेशन के बाद गाड़ी की पहचान Maruti Eeco नंबर DL-8CU-7367 के रूप में हुई.
इसके बाद पुलिस ने गाड़ी के मालिक राजिंदर कुमार उर्फ अन्नू, उम्र 59 साल, निवासी गांव नारायणा को ट्रेस कर गिरफ्तार किया. राजिंदर गाड़ी का मालिक और ड्राइवर है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राजिंदर ने बताया कि वह ड्राइवर का काम करता है और उसने मृतक को IFFCO Chowk, गुरुग्राम से अपनी Eeco में बैठाया था.
पुलिस के मुताबिक, रास्ते में करीब 1,000 से 1,500 रुपये के किराये को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि मृतक ने किराया देने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हो गया. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान राजिंदर ने मृतक पर ईंट और मिट्टी के बर्तन जैसी वस्तु से हमला किया, जिससे उसे घातक चोटें आईं.
दिल्ली पुलिस ने मामले में राजिंदर कुमार के अलावा 50 साल की कामिनी मुखीजा और 28 साल के लक्ष्य मखीजा को भी गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक, लक्ष्य मखीजा की निशानदेही पर मृतक के कपड़े और जूते बरामद किए गए, जबकि कामिनी मुखीजा की निशानदेही पर Maruti Eeco नंबर DL-8CU-7367 बरामद की गई.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, FIR दर्ज होने के करीब चार घंटे के अंदर मुख्य आरोपी राजिंदर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआत में मृतक की पहचान भी नहीं हो पाई थी. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और मामले की आगे की जांच में जुटी है.