Delhi Master Plan 2047: नरेला में एजुकेशन हब, 40 लाख नए घर और 695 किमी मेट्रो… बदल जाएगी आपकी दिल्ली!
Raisina News Desk- अगस्त 20, 2026 08:12 PM IST

केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने बृहस्पतिवार को ‘दिल्ली मास्टर प्लान 2047’जारी करते हुए कहा कि शहर में करीब 40 लाख नए घर बनाए जाएंगे और बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने के लिए 2047 तक मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार कर 695 किलोमीटर किया जाएगा. मंत्री ने यह बताया कि आने वाले दिनों में दिल्ली को कैसे विकसित किया जाएगा और किन सेवाओं का विस्तार किया जाएगा. मास्टर प्लान का उद्देश्य दिल्ली को एक आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करना है.
केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि वर्ष 1957 में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) की स्थापना हुई थी और अब विकसित भारत-2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मास्टर प्लान-2047 तैयार किया गया है. दिल्ली की आबादी बढ़ रही है, जबकि राजधानी का भौगोलिक क्षेत्रफल 1,484 वर्ग किलोमीटर ही रहेगा. ऐसे में सीमित भूमि संसाधनों का बेहतर उपयोग करना बड़ी चुनौती होगी. उन्होंने कहा कि यमुना खादर और दिल्ली रिज क्षेत्र को संरक्षित रखा जाएगा. मास्टर प्लान के तहत करीब 40 लाख नए आवास (फ्लैट) बनाए जाने का प्रस्ताव है. साथ ही, DDA की पुरानी हाउसिंग सोसाइटियों और फ्लैट्स का पुनर्विकास किया जाएगा. आवश्यकता के अनुसार बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जाएगा.
मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि दिल्ली में ऊंचाई संबंधी कई प्रतिबंधों को कम किया गया है. हालांकि, लुटियंस दिल्ली, एयरपोर्ट और कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष नियम लागू रहेंगे. उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा. इसके अलावा 3,000 वर्गमीटर या उससे अधिक क्षेत्रफल वाले भूखंडों पर ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं विकसित की जा सकेंगी.
परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करीब 496 किलोमीटर से बढ़ाकर 650 किलोमीटर तक किए जाने की योजना है. वहीं, आनंद विहार, सराय काले खां और ISBT को मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा. यमुना नदी के दोनों किनारों पर 52 किलोमीटर लंबा साइक्लिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मास्टर प्लान के माध्यम से समाज के हर वर्ग के लिए आवास की व्यवस्था की जाएगी. ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ नीति के तहत झुग्गीवासियों को उसी क्षेत्र में आवास उपलब्ध कराया जाएगा. उन्होंने बताया कि आवास परियोजनाओं को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित किया जाएगा. साथ ही, 30 मीटर चौड़ी सड़कों पर स्थित भवनों के ग्राउंड फ्लोर पर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति दी जाएगी.
वहीं, उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि 138 एकड़ क्षेत्र में एक निजी विश्वविद्यालय विकसित किया जाएगा. इसके अलावा द्वारका में एक आधुनिक मेडिकल हब स्थापित करने की भी योजना है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: 21 अगस्त को कहां-कहां होगी बारिश? दिल्ली, यूपी और बिहार के लिए IMD का बड़ा अपडेट