प्लेन के टॉयलेट में एयरहोस्टेस ने क्या देखा, दौड़ी-दौड़ी पहुंची पायलट के पास, आसमान से एयरपोर्ट तक मचा हड़कंप
Raisina News Desk- नवंबर 08, 2026 04:31 AM IST
Aviation News: हजारों फीट की ऊंचाई में उड़ रही इंडिगो एयरलाइंस के प्लेन में कुछ ऐसा हुआ, जिसने आसमान से लेकर एयरपोर्ट तक हड़कंप मचा दिया. इस घटना के बाद पायलट ने लखनऊ की तरफ आगे का बढ़ने की बजाय वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट जाने का फैसला कर लिया. वहीं, इस प्लेन में हुई घटना के बारे में जैसे ही बेंगलुरु एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सुरक्षा एजेंसियों को पता चला, वे सभी दल बल के साथ रनवे की तरफ दौड़ पड़े. कुछ मिनटों के इंतजार के बाद यह प्लेन वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड हो गया. इसके बाद शुरू हुई तलाशी की लंबी प्रक्रिया. इस प्रक्रिया को खत्म होने में घंटों का समय लग गया. इसके बाद देर रात यह फ्लाइट एक बार फिर बेंगलुरु एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भर सकी.
दरअसल यह मामला बेंगलुरु से लखनऊ एयरपोर्ट जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E451 से जुड़ा हुआ है. इस फ्लाइट को 7 नवंबर को शाम करीब 5:50 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए टेकऑफ होना था. लेकिन यह फ्लाइट अपने शेड्यूल्ड टाइम से करीब 20 मिनट की देरी से शाम करीब 6:10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट के लिए टेकऑफ हुई. टेकऑफ होने के बाद यह फ्लाइट अपने निर्धारित ऊंचाई तक पहुंच गई और तेजी से अपने डेस्टिनेशन एयरपोर्ट लखनऊ की तरफ आगे बढ़ रही थी. यहां तक सबकुछ ठीकठाक था, लेकिन इसी बीच टॉयलेट पहुंची एक एयरहोस्टेस ने कुछ ऐसा देखा, जिसने उसके माथे पर बल ला दिए. वह भागी-भागी पायलट के पास पहुंची और पूरी बात बताई.
दरअसल, एयरहोस्टेस ने प्लेन के टॉयलेट में एक पेपर पाया, जिसमें लिखा हुआ था कि प्लेन को हाईजैक कर लिया जाएगा. इस बात को न ही एयरहोस्टेस और ना ही पायलट किसी भी कीमत पर इग्नोर कर सकते थे. लिहाला, उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी बेंगलुरु एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) से साझा की. प्रोटोकॉल के तहत, एटीसी ने इस बाबत एयरपोर्ट ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (एओसीसी), सिक्योरिटी ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (एसओसीसी), सीआईएसएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियों के साथ साझा की. आनन फानन प्लेन को वापस बेंगलुरु एयरपोर्ट लाने का निर्देश पायलट का दिया गया और रनवे की तरफ सीआईएसएफ की क्यूआरटी के साथ तमाम संबंधित टीमों को रवाना कर दिया गया.