UP कांग्रेस प्रभारी के बयान पर भड़की BJP, कहा- 'आपको माफी मांगनी पड़ेगी वरना…'
Raisina News Desk- नवंबर 08, 2026 05:33 AM IST
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद रविशंकर प्रसाद ने शनिवार (7 नवंबर, 2026) को पार्टी चीफ नितिन नबीन पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पर तीखा हमला किया है. उन्होंने कहा कि यह बहुत ही दुख की बात है कि उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर बहुत ही शर्मनाक टिप्पणी की है. हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं.
उन्होंने कहा था, ‘ये बेचारे बिहारी कुछ भी नहीं जानते हैं. इन्हें जो स्क्रिप्ट थमा दी जाती है, ये बस वही पढ़ देते हैं. (These poor Biharis do not know anything. They simply read out the scripts handed over to them.)
हमें भारत पर गर्व है और हमें बिहारी होने पर गर्व है- रविशंकर
BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘इसका क्या मतलब है मिस्टर गौतम? बिहारियों के बारे में आप इस तरह की बातें कहेंगे. हमें भारतवर्ष पर गर्व है और हमें बिहारी होने पर भी गर्व है. भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जन्मभूमि भी बिहार ही थी, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, जिन्होंने लोकतंत्र की नींव मजबूत की, देश में त्याग और सेवा का एक नया उदाहरण स्थापित किया, वो भी बिहार से ही थे. राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर भी बिहार से थे और संविधान सभा के पहले अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा, वो भी बिहार से ही थे. बिहार से अनगिनत नेता, कवि, लेखक, न्यायाधीश और प्रशासनिक अधिकारी निकले हैं.’
उन्होंने कहा, ‘राजेंद्र पाल गौतम, आखिर आप बिहार के बारे में जानते ही क्या हैं? इस तरह की बातें करेंगे आप? महात्मा गांधी जब 1920 में चंपारण सत्याग्रह में गए थे, उसके बाद उसी आंदोलन से वो महात्मा कहलाए और इसी बिहार के लोगों के बारे में आपने इतनी बेशर्मी से कहा कि ये बिहारी कुछ भी नहीं जानते हैं, तो मैं सिर्फ इतना कहूंगा हूं कि आप खुद अज्ञानी हैं, आपको कुछ भी पता नहीं है.’
राहुल गांधी ही स्क्रिप्ट पढ़कर बोलते हैं- रविशंकर
BJP सांसद ने कहा, ‘जहां तक हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से उठाए गए सवाल का मामला है, उन्होंने सिर्फ कांग्रेस पार्टी को मिलने वाली विदेशी फंडिंग के बारे में पूछा था. इस पर आप इतने बौखला गए कि दूसरों पर तैयार स्क्रिप्ट पढ़ने का आरोप लगाने लगे.’
उन्होंने कहा, ‘वो राहुल गांधी ही हैं, जो लगातार लिखे हुए स्क्रिप्ट पढ़कर बोलते हैं और कई बार इसकी वजह से वो शर्मिंदा भी होते हैं, लेकिन नितिन नबीन के बारे में जो उन्होंने अपमानजनक बातें कहीं हैं, उसकी हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. यह अच्छी बात है कि आपका असली चेहरा पूरे देश के सामने बेनकाब हो रहा है कि सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं, उनके चेले भी उतने ही अहंकारी हैं.’
राहुल गांधी मांगे माफी, BJP सांसद की मांग
रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘उन्होंने जो पूरे बिहार को लेकर जो शर्मनाक टिप्पणी की है, उसे हम पूरे देश में लेकर जाएंगे कि बिहार और बिहारियों के प्रति कांग्रेस के यूपी के प्रभारी इस तरह के बेशर्मी के विचार रखते हैं और राहुल गांधी, एक बिहारी होने के नाते मैं आपसे आग्रह करूंगा कि आपके जिस प्रभारी ने इस तरीके की बात की है, उसकी इन टिप्पणियों के लिए आप माफी मांगें. वरना, हम इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएंगे.’
यह भी पढे़ंः PM मोदी ने दिवाली की दीं शुभकामनाएं, शेयर किया वीडियो मैसेज, कहा- ‘रोशनी से जगमगा रहा देश’