ससुराल में पहली रात दुल्हन को पूल में डुबो कराया धर्म परिवर्तन, विरोध पर पिता को इतना पीटा कि हालत गंभीर
Raisina News Desk- अक्टूबर 25, 2026 08:21 AM IST
करणवीर और कृतिका की शादी के दिन की तस्वीर, ससुराल में होली बाथ कराता शख्स और गंभीर हालत में कृतिका के पिता.
NDTV
लुधियाना:
लुधियाना में एक युवती ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर धोखे से शादी करने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती कृतिका वर्मा का दावा है कि उसके पति करणवीर ने खुद को जटसिख बताकर उससे शादी की, लेकिन ससुराल पहुंचने पर परिवार के धर्म परिवर्तन की बात सामने आई. लड़की के पिता ने जब इस बात का विरोध किया तो लड़की के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके मायके परिवार पर हमला कर दिया. हमले में लड़की के पिता के गंभीर चोटें पहुंची, जिनको बाद में अस्पताल भर्ती करवाया गया. पुलिस ने लड़की के पिता की शिकायत पर ससुराल पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है.
कृतिका के पिता विपन कुमार वर्मा के मुताबिक, उनकी बेटी और करणवीर दोनों बाइकर्स हैं. दोनों की मुलाकात बाइक राइडिंग के दौरान हुई थी. करणवीर उनकी बेटी के कार्यस्थल एप्पल स्टोर पर भी आने लगा और धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. करणवीर ने खुद को करणवीर सिंह सिद्धू और जटसिख बताया था. परिवार की जानकारी लेने के बाद दोनों का रिश्ता तय हुआ.
पिता के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को लुधियाना के संत विहार स्थित शनि शिव मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई. 5 सितंबर को बेटी को विदा किया गया, जबकि 5 अक्टूबर को जब वह ससुराल पहुंची तो घर में बने एक बड़े हॉल को चर्च के रूप में देखकर हैरान रह गई.
कृतिका के पिता का आरोप है कि ससुर ने शादी स्वीकार करने से इनकार कर दिया और ईसाई धर्म अपनाने के बाद ही शादी मानने की बात कही. आरोप है कि रात को युवती का फोन बंद करवाकर उसे तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में ले जाया गया, जहां पानी में डुबकी लगवाकर उसका धर्म परिवर्तन कराया गया. युवती ने इस दौरान अनुचित तरीके से छूने और वीडियो बनाने का आरोप भी लगाया है.
युवती के मुताबिक, पति की छाती पर ‘नन्नू’ नाम का टैटू था, जिसके साथ 16 अक्टूबर 2021 की तारीख भी लिखी थी. उसका दावा है कि पति ने दूसरी लड़की से संबंध होने की बात स्वीकार की.