पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क की साजिश बेनकाब, पंजाब-चंडीगढ़ को दहलाने का था प्लान

चंडीगढ़:

पाकिस्तान से जुड़े एक और आतंकी नेटवर्क की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है. ये आतंकी नेटवर्क पंजाब और चंडीगढ़ में हमला करने की साजिश रच रहा था. सुरक्षा एजेंसियों और पंजाब-चंडीगढ़ पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े आतंकियों ने पंजाब और चंडीगढ़ में बड़े हमले की साजिश रची थी. 

शुरुआती जांच में पाकिस्तान में बैठे खालिस्तानी आतंकी सतनाम सत्ता नौशेरा से कनेक्शन सामने आने की बात कही जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर पंजाब और चंडीगढ़ में किसी बड़े आतंकी हमले की तैयारी की जा रही थी

तीन आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है. इनमें से दो आरोपी तरनतारन के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी अमृतसर का रहने वाला बताया जा रहा है.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए हैं. बरामद सामान में करीब 5 किलो जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, वायर और कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं. 

इसके अलावा बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी मिला है. पुलिस ने एक पिस्टल और पांच कारतूस भी बरामद किए हैं.

पूछताछ में क्या बताया?

शुरूआती पूछताछ और जांच में सामने आया है कि पकड़े गए युवकों ने कथित तौर पर पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलर के निर्देश पर यह सामान इकट्ठा किया था.

एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और हमले के लिए किस जगह को निशाना बनाने की योजना थी. 

हालांकि, सूत्रों ने साफ किया है कि चंडीगढ़ बस स्टैंड पर ब्लास्ट करने की कोई योजना नहीं थी. यानी बस स्टैंड को लेकर जो आशंका जताई जा रही थी, शुरुआती जांच में उसकी पुष्टि नहीं हुई है.



Prev Post
Next Post