बिहार में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा की चिंता आज भी है… जमुई कांड पर बोलीं मंत्री श्रेयसी सिंह
Raisina News Desk- सितंबर 21, 2026 09:45 PM IST
जमुई में नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की घटना ने बिहार में महिला सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है. खास बात यह है कि जिस जिले में यह घटना हुई, वहां की विधायक श्रेयसी सिंह सिर्फ मंत्री ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकीं पूर्व निशानेबाज भी हैं. NDTV से बातचीत में उन्होंने माना कि बिहार में महिलाएं तो लगातार आगे बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता आज भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है.NDTV से बातचीत में उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और इनके पीछे असामाजिक तथा आपराधिक मानसिकता वाले लोग होते हैं.
बातचीत के दौरान श्रेयसी सिंह का सबसे अहम बयान महिला सुरक्षा को लेकर आया. उन्होंने कहा कि बिहार की महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, अपनी पहचान बना रही हैं, लेकिन सुरक्षा का सवाल अब भी उनके सामने मौजूद है. उन्होंने माना कि महिलाओं को आज भी कई बार अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है. उनके मुताबिक महिला सशक्तिकरण की लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और समाज को इस दिशा में लगातार काम करने की जरूरत है.
जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ की घटना पर बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा- ‘जो लोग अभी बचे हुए हैं, उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर एक्शन लिया जाए’#Jamui | #Bihar | @Shivamjournal pic.twitter.com/l2SDSVqVv0
— NDTV India (@ndtvindia) September 21, 2026
मंत्री ने बताया कि मामले में शुरुआती देरी इसलिए हुई क्योंकि पीड़ित परिवार की ओर से तुरंत प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी. हालांकि सोशल मीडिया के जरिए जानकारी सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. श्रेयसी सिंह ने कहा कि जो आरोपी अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं, उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे मामलों में किसी तरह की नरमी नहीं बरतती.
जमुई की घटना पर सियासी बयानबाजी के बीच श्रेयसी सिंह ने कहा कि ऐसे मामलों का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए. उनका कहना था कि किसी भी घटना के बाद सबसे पहली प्राथमिकता दोषियों को पकड़ना और पीड़ित को न्याय दिलाना होनी चाहिए.उन्होंने दावा किया कि आज के बिहार और पुराने दौर के बिहार में बड़ा अंतर है. उनके मुताबिक कानून-व्यवस्था पहले से मजबूत हुई है, लेकिन समाज के भीतर मौजूद कुछ असामाजिक तत्व समय-समय पर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं.