प्लीज आखिरी बार छोड़ दो… जमुई की पीड़िता दरिंदों से लगाती रही गुहार, नहीं पसीजे गुनहगार
Raisina News Desk- सितंबर 21, 2026 05:27 PM IST
प्लीज माफ कर दीजिए, प्लीज आखिरी बार… जमुई की सड़क पर एक बेबस लड़की उस भीड़ से गुहार लगा रही है, जिसने उसे और उसके एक नाबालिग दोस्त को सबके सामने पीटा और शर्मनाक तरीके से उत्पीड़न किया. दरअसल, दो दोस्त साथ में घूमने निकले तो लौटते समय इन दरिंदों ने उन्हें पकड़ लिया. उनसे सवाल करने लगे कि क्यों घूम रहे हो… कहां से आए हो… इतना करके भी जी नहीं भरा तो लड़की और लड़के को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और गलत हरकतें कीं.
वीडियो में दिख रहा है कि दो नाबालिग बच्चों को कुछ लोगों ने घेर लिया है. उनके साथ बहस कर रहे हैं तभी मुंह पर दुप्पटा ओड़े एक आदमी बच्ची के साथ बेहद शर्मनाक हरकतें करने लगता है. इस बीच वो लड़का बचाने की कोशिश करता है तो उसकी शर्ट खींचकर भीड़ उसे पीटने लगती है. वहीं कुछ लोग वीडियो बना रहे हैं. इसके बाद लड़की हाथ जोड़कर गुहार लगाती दिख रही है प्लीज आखिरी बार छोड़ दो, हम इसकी बेस्ट फ्रेंड हैं.
फिर नाबालिग लड़का कहता है कि हम साथ पढ़ते हैं, भैया प्लीज छोड़ दो, घर में सबको पता है ये मेरी दोस्त है. तभी भीड़ से आवाज आती है, चल बात करा परिवार से. मोबाइल यहीं छोड़कर जा. चल जा…
मामला 19 सितंबर का बताया जा रहा है, जिसने भी इस वीडियो को देखा अंदर तक सिहर गया कि कोई ऐसा कैसे किसकी की बेटी के साथ कर सकता है. बता दें कि इस घटना पर तुरंत तो कोई कार्रवाई भी नहीं हुई होती अगर इस घटना का वीडियो वायरल न हुआ होता. वीडियो सामने आने के बाद इस घटना की चर्चा तेज हो गई और लोगों में आक्रोश देखने को मिला.
जमुई घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के DGP से मांगी रिपोर्ट, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के निर्देश
इस खबर को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोग गुस्सा जाहिर कर रहे हैं कि किसी की बेटी के साथ शर्मनाक हरकत क्यों की गई. कानून व्यवस्था का किसी को डर नहीं है. एक यूजर ने लिखा कि दो नाबालिग अगर साथ घूमने निकल गए तो क्या भीड़ को उनके साथ बदसलूकी करने का हक मिल गया.
एक अन्य यूजर ने लिखा कि एक बच्ची के साथ दरिंदों की ऐसी हरकत, कहां गए महिला सुरक्षा के वादे. एक ने लिखा कि अभी भी समाज के कुछ लोगों की सोच बेटियों के लिए बदली नहीं है, आखिरी इतना बड़ा अपराध करने की किसी की हिम्मत कैसे होती है.
जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल ने बताया कि कथित घटना 19 सितंबर की शाम की है और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पीड़ित लड़के और लड़की का पता लगा लिया गया है.
उन्होंने कहा कि कथित घटना दो दिन पुरानी है, लेकिन कल तक न तो पीड़ित लड़के और न ही लड़की ने पुलिस से कोई शिकायत की थी. आज जब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तब हमने दोनों पीड़ितों का पता लगाया. पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों से पूछताछ जारी है और सोशल मीडिया से वायरल वीडियो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
दयाल ने बताया कि पीड़ित लड़का और लड़की एक ही कोचिंग संस्थान में पढ़ते हैं हालांकि उन्होंने यह कहते हुए कोई अन्य जानकारी साझा करने से इनकार कर दिया कि “कुछ सूचनाओं को व्यक्तिगत कारणों से गुप्त रखा जाना जरूरी है. वहीं NDTV से जमुई के सांसद अरुण भारती ने कहा कि इस तरह की घटना बर्दाश्त करने लायक नहीं है. प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा.
विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को ‘बेहद विचलित करने वाली’ बताया है. उन्होंने लिखा, यह संस्कृति नहीं, पितृसत्तात्मकता है. उन्होंने वीडियो के आधार पर पहचाने गए आरोपियों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की.
राहुल ने सवाल किया की सार्वजनिक सड़क पर भी एक लड़की सुरक्षित नहीं है. राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने लड़कियों और महिलाओं के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने बताया कि आयोग ने जमुई के जिलाधिकारी से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी मांगी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
जमुई घटना पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने बिहार के DGP से मांगी रिपोर्ट, सोशल मीडिया से वीडियो हटाने के निर्देश
जमुई में दोस्त के साथ घूम रही नाबालिग को लड़कों ने घेरकर छेड़ा, पीटा, वीडियो वायरल होने पर 3 गिरफ्तार