स्कूली किताबों में दी जाए हिंदू देवताओं की जानकारी, बच्चों के सवालों के मिलेंगे जवाब: मोहन भागवत
Raisina News Desk- जुलाई 25, 2026 02:15 PM IST

नई दिल्ली:
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का कहना है कि हिंदू देवताओं के बारे में स्कूली किताबों में भी जानकारी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कई बार बच्चे माता-पिता से सवाल पूछते हैं और वे भी जवाब नहीं दे पाते. इसलिए जरूरी है कि टेक्स्ट बुक में ही उन्हें जानकारी मिले. दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में मोहन भागवत ने कहा, ‘बच्चे पूछते हैं कि बंदर के मुंह जैसा भगवान और हाथी के मुंह जैसा भगवान यह क्या मामला है. ऐसी चीजों के बारे में किताब में बताना चाहिए, लेकिन उनके भरोसे भी बच्चों को नहीं छोड़ सकते. हम बच्चों को जो बताएंगे, उन्हें यह दिखना चाहिए कि हम भी उस पर अमल कर रहे हैं या नहीं.’
इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ संवाद की जरूरत भी बताई. मोबाइल और संचार माध्यमों के बढ़ते प्रयोग के चलते अपनों से दूरी बढ़ने का भी मोहन भागवत ने जिक्र किया, उन्होंने कहा कि बच्चों को बहुत अधिक अपनापन देने की जरूरत है. उनसे संवाद करने की जरूरत है. उन्हें आदेश नहीं देना है बल्कि संवाद के जरिए समझाना है. आज परिवारों बातचीत बंद हो गई है. अपना मोबाइल लेकर सब बैठे हैं. कोई मिलने भी आता है तो उससे बात नहीं करते बल्कि मोबाइल में बिजी रहते हैं. अपना बच्चा कितना भी दूर चला जाए, उसे यह जरूर समझ आता है कि हमारा अपना क्या है और दुनिया में उसका क्या महत्व है.
संघ नेता ने कहा कि हमें अपने बच्चों से बात करने में ऑर्डर की बजाय सहमति पर जोर देना चाहिए. उनकी इस टिप्पणी को दिल्ली में चल रहे सीजेपी के आंदोलन से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें ज्यादातर लोग युवा पीढ़ी के ही हैं. इस आयोजन में जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा भी मौजूद थीं. इसके अलावा राजस्थान की डिप्टी सीएम दिया कुमारी भी मौजूद थीं. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मोहन भागवत से कई सवाल भी पूछे, जिनके उन्होंने विस्तार से जवाब दिए. आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी भी मौजूद थे. उन्होंने आंदोलन को लेकर कहा था कि बच्चों पर ज्यादती नहीं होनी चाहिए.